ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर डीएम से की मुलाकात, संवेदनशीलता के लिए जताया आभार

ख़बर शेयर करें

ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर डीएम से की मुलाकात, संवेदनशीलता के लिए जताया आभार
अल्मोड़ा। हवालबाग ब्लॉक के ग्राम सभा गधोली के ग्रामीणों ने स्वांग तोक से गधोली तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर जिलाधिकारी अंशुल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से गांव की वास्तविक समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि रोजगार के अभाव में गांव के अधिकांश युवा पलायन कर चुके हैं और वर्तमान में गांव में मुख्य रूप से बुजुर्ग ही रह रहे हैं। सड़क सुविधा नहीं होने के कारण बीमारी अथवा किसी जरूरी काम के लिए ग्रामीणों को सड़क तक पहुंचने में खड़ी चढ़ाई और लंबा पैदल रास्ता तय करना पड़ता है। इसके अलावा जंगल से होकर आने-जाने में जंगली जानवरों का खतरा भी बना रहता है।
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अंशुल ने तत्काल संबंधित लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग के जेई ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और ग्रामीणों की समस्याओं को समझा। इसके बाद जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण को लेकर आवश्यक कार्रवाई के लिए पुनः दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी की तत्परता से उत्साहित ग्रामीणों ने आज उनसे भेंट कर उनका आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि जिलाधिकारी ने जिस संवेदनशीलता के साथ गांव की समस्या को सुना और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, वह सराहनीय है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हर जिले को उनके जैसे संवेदनशील और जनहित के प्रति समर्पित अधिकारी मिलें, यही उनकी कामना है।