ग्लोबल इंवेस्टर पर सोशल मीडिया में भ्रामक पोस्ट करने के आरोप में केस दर्ज

ख़बर शेयर करें


ग्लोबल इंवेस्टर पर सोशल मीडिया में भ्रामक पोस्ट करने के आरोप में केस दर्ज
कामरान समेत कई सोशल मीडिया अकाउंट जांच के दायरे में, उद्योग निदेशालय की शिकायत पर राजपुर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
देहरादून, वरिष्ठ संवाददाता। उत्तराखंड में वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भ्रामक और तथ्यहीन सामग्री प्रसारित करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। उद्योग निदेशालय की शिकायत पर राजपुर पुलिस ने आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में कामरान नामक व्यक्ति समेत कई सोशल मीडिया अकाउंटों की भूमिका की जांच की जा रही है।
उद्योग निदेशालय के अपर निदेशक मृत्युंजय सिंह ने इस संबंध में एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि एक्स समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर लगातार भ्रामक और अनर्गल सामग्री प्रसारित की जा रही है। इससे संभावित निवेशकों के बीच अविश्वास की स्थिति पैदा होने और प्रदेश में निवेश की प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
शिकायतकर्ता ने मामले की साइबर और तकनीकी जांच कराने के साथ ही संबंधित सोशल मीडिया अकाउंटों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी नेहरू कॉलोनी के इंस्पेक्टर देवेंद्र चौहान को सौंपी है।
1.01 लाख करोड़ रुपये के निवेश की ग्राउंडिंग का दावा
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर सोशल मीडिया पर उठ रहे सवालों के बीच उद्योग सचिव विनय शंकर पांडेय ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2023 में आयोजित समिट में मिले निवेश प्रस्तावों में से अब तक 1.01 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की ग्राउंडिंग हो चुकी है। उन्होंने निवेश से जुड़े आंकड़ों को पारदर्शी बताते हुए कहा कि संबंधित जानकारी सरकारी पोर्टल पर उपलब्ध है।
उद्योग सचिव विनय शंकर पांडेय ने कहा है कि पूरी पारदर्शिता और सभी को सतग लेकर निवेश कार्यक्रम आयोजित हुआ।सभी आंकड़े ऑन लाइन उपलब्ध है कोई भी कभी भी देख सकता है। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही खबरों को भ्रामक बताया। वहीं, पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और संबंधित मुकदमे के आधार पर जांच करेगी