मोथरोवाला में बन रहा अत्याधुनिक पार्क जल्द होगा जनता को समर्पित

ख़बर शेयर करें

मोथरोवाला में बन रहा अत्याधुनिक पार्क जल्द होगा जनता को समर्पित
देहरादून नगर निगम की नगर आयुक्त महोदया ने मंगलवार को मोथरोवाला स्थित निर्माणाधीन अत्याधुनिक पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्क में चल रहे निर्माण और सौन्दर्यीकरण कार्यों की गुणवत्ता, संरचनात्मक मजबूती, स्वच्छता व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।


नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि शेष कार्यों को तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द ही एक आधुनिक, स्वच्छ और आकर्षक सार्वजनिक पार्क उपलब्ध कराया जा सके।


निरीक्षण के दौरान बताया गया कि पार्क का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अंतिम चरण के सौन्दर्यीकरण एवं फिनिशिंग कार्य तेजी से चल रहे हैं। सभी कार्य पूर्ण होने के बाद पार्क को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
करीब 6000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित हो रहे इस आधुनिक पार्क को पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। पार्क में हरित क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं, जिससे लोगों को प्राकृतिक और शांत वातावरण मिल सके। मॉर्निंग और ईवनिंग वॉक के लिए आकर्षक और सुरक्षित वॉकिंग ट्रैक भी तैयार किया गया है।
पार्क में आगंतुकों के बैठने और विश्राम के लिए गजिबो बनाए गए हैं। वहीं योग और ध्यान गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए योगा शेड और मेडिटेशन ज़ोन भी विकसित किए जा रहे हैं। पार्क के मध्य बनाई जा रही वाटर बॉडी इसके प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगी।
नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए परिसर में कियोस्क और आधुनिक स्मार्ट शौचालय की व्यवस्था की गई है। बच्चों और आगंतुकों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग के लिए लगभग 1200 वर्गमीटर क्षेत्र में विशेष पार्किंग स्थल विकसित किया गया है, जिससे लोगों को पार्किंग और यातायात संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम देहरादून शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। मोथरोवाला में विकसित हो रहा यह पार्क भविष्य में क्षेत्रवासियों के लिए स्वास्थ्य, योग, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।