उत्तराखंड भाजपा में बड़ा बदलाव, संगठन महामंत्री अजेय कुमार को राजस्थान की जिम्मेदारी ये सामान्य प्रकिया या वजह कुछ और है

ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड भाजपा में बड़ा बदलाव, संगठन महामंत्री अजेय कुमार को राजस्थान की जिम्मेदारी
देहरादून। उत्तराखंड भाजपा संगठन में एक बड़ा बदलाव करते हुए प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार को राजस्थान भेजे जाने के आदेश जारी हो गए हैं। इस निर्णय के बाद राजनीतिक और संगठनात्मक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
भाजपा के भीतर एक वर्ग इस बदलाव को अजेय कुमार की कार्यकुशलता, संगठन क्षमता और उनके कार्यकाल में पार्टी संगठन की मजबूती का परिणाम मान रहा है। समर्थकों का कहना है कि राजस्थान जैसे बड़े और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए एक तरह का प्रमोशन है और यह केंद्रीय नेतृत्व के विश्वास को दर्शाता है।
वहीं दूसरी ओर कुछ राजनीतिक जानकार और संगठन से जुड़े लोग इस आकलन से पूरी तरह सहमत नजर नहीं आ रहे हैं। उनका मानना है कि पिछले कुछ समय से अजेय कुमार को लेकर संगठन और राजनीतिक हलकों में समय-समय पर विभिन्न प्रकार की चर्चाएं भी होती रही हैं, जिनका असर इस निर्णय पर पड़ा हो सकता है।
सूत्रों के अनुसार यह बदलाव काफी पहले ही प्रस्तावित था, लेकिन विभिन्न कारणों से इसके क्रियान्वयन में समय लग गया। अब आदेश जारी होने के साथ ही उत्तराखंड भाजपा में नए संगठन महामंत्री को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अजेय कुमार के कार्यकाल में भाजपा ने कई चुनावी और संगठनात्मक गतिविधियों को सफलतापूर्वक संचालित किया। ऐसे में उनका उत्तराखंड से जाना संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि केंद्रीय नेतृत्व उत्तराखंड में संगठन महामंत्री के पद पर किसे जिम्मेदारी सौंपता है।