नगर निगम की बड़ी कार्रवाई अवैध कब्जे अवैध सड़क पर गरजा बुलडोजर

ख़बर शेयर करें

देहरादून नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए विभिन्न क्षेत्रों में अवैध कब्जों और निर्माणों पर कार्रवाई की। नगर आयुक्त नमामि बंसल के निर्देश पर निगम टीम ने धोरण खास, एटीएस कॉलोनी, हरभजवाला, बंजारा वाला और रायपुर तपोवन रोड समेत कई इलाकों में अभियान चलाकर निगम और सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया।


नगर निगम की टीम ने धोरण खास स्थित खसरा संख्या 463 में निगम भूमि पर अवैध रूप से लगाए गए बोर्ड, अवैध प्लाटिंग और बनाई गई दीवार को ध्वस्त कर दिया। वहीं एटीएस कॉलोनी क्षेत्र में शासकीय भूमि की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल निर्माण की अनुमति जारी की गई, ताकि भविष्य में अवैध कब्जों को रोका जा सके।
हरभजवाला क्षेत्र में खसरा संख्या 2062, 2064 और 2065 पर नगर निगम की भूमि पर बनाई गई अवैध सड़क को भी ध्वस्त किया गया। इसके अलावा वार्ड संख्या 98 मंडी बाला वाला और वार्ड संख्या 84 बंजारा वाला सब्जी मंडी क्षेत्र में अतिक्रमण और अव्यवस्था को लेकर संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए।
रायपुर तपोवन रोड क्षेत्र में भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। नगर निगम ने साफ कहा है कि सार्वजनिक और निगम भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।