
देहरादून,
स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 को लेकर नगर निगम देहरादून ने शहर की सफाई व्यवस्था पर निगरानी और सख्त कर दी है। निगम द्वारा वार्डवार कार्य योजना तैयार कर सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में काम तेज कर दिया गया है।
नगर निगम के अनुसार, सभी वार्डों का वर्गीकरण कर उनकी जरूरत और चुनौतियों के अनुसार अलग-अलग कार्य योजना बनाई गई है। जिन वार्डों में एनजीओ या कंपनियों के माध्यम से सफाई कार्य कराया जा रहा है और कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया, उन्हें सख्त चेतावनी देते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए हैं।
निगम ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को भी प्राथमिकता दी है। बीते एक वर्ष में 77 से 80 प्रतिशत तक कवरेज हासिल किया गया है, जिसे जल्द ही शत-प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया गया है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के मद्देनजर नगर निगम ने सभी मानकों पर गुणात्मक सुधार करने का दावा किया है। साथ ही “सोर्स सेग्रिगेशन” को बढ़ावा देने के लिए वार्ड स्तर पर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनमें लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
नगर निगम आयुक्त का कहना है कि शहरवासियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

