तबादला सूची को लेकर हलचल तेज, कुमाऊं के एक जिले में डीएम बनने की चर्चाओं में सीडीओ का नाम

ख़बर शेयर करें


उत्तराखंड में तबादला सूची को लेकर हलचल तेज, कुमाऊं के अहम जिले में डीएम बनने की चर्चाओं में सीडीओ का नाम
देहरादून। उत्तराखंड में प्रस्तावित तबादला सूची को लेकर शासन और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच चुनाव आयोग के निर्देशों के बाद तबादलों की प्रक्रिया को लेकर भी नए समीकरण बनते नजर आ रहे हैं।
तबादला सूची जारी होने से पहले ही एक बड़े जिले में तैनात मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को कुमाऊं मंडल के एक महत्वपूर्ण जिले की कमान सौंपे जाने की चर्चाएं जोरों पर हैं। दिलचस्प बात यह है कि संबंधित सीडीओ के बारे में खुद उनके द्वारा भी विभिन्न स्थानों पर इस तरह की तैनाती का जिक्र किए जाने की चर्चा है। ऐसे में प्रशासनिक गलियारों में उनके संभावित प्रमोशन अथवा नई तैनाती को लेकर अटकलें तेज होना स्वाभाविक है।
हालांकि, अभी तक इस संभावित तैनाती को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रदेश में अधिकारियों के तबादले और तैनाती का अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री के विशेषाधिकार के तहत लिया जाता है। ऐसे में अब सबकी निगाहें प्रस्तावित तबादला सूची पर टिकी हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि चर्चाओं को हकीकत में बदलने का मौका मिलता है या अंतिम सूची में कोई नया प्रशासनिक समीकरण सामने आता है।