प्रॉपर्टी डीलर पंकज मित्तल की पांचवीं मंजिल से गिरने से मौत, सुसाइड नोट मिलने की सूचना
एटीएस कॉलोनी की घटना, व्हाट्सऐप चैट में गंभीर आरोपों की भी चर्चा; पुलिस जांच में जुटी
देहरादून। राजधानी देहरादून की एटीएस कॉलोनी में प्रॉपर्टी डीलर पंकज मित्तल की पांचवीं मंजिल से कूदने से मौत होने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मामले में सुसाइड नोट मिलने की बात सामने आई है। इसके अलावा व्हाट्सऐप चैट के जरिए भी कुछ गंभीर आरोप लगाए जाने की चर्चा है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और उनकी सत्यता की जांच होना बाकी है।
सूत्रों के मुताबिक, पंकज मित्तल का देहरादून के एक नामी बिल्डर के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद होने की बात भी सामने आ रही है। पुलिस इस पहलू समेत मामले से जुड़े विभिन्न तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। सुसाइड नोट, व्हाट्सऐप चैट और कथित वित्तीय विवाद से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

