स्वास्थ्य महकमे में बदलाव सीएम धामी चाहते है बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं

ख़बर शेयर करें


स्वास्थ्य महकमे में बड़े बदलाव के संकेत, धामी सरकार चाहती है परिणाम आधारित स्वास्थ्य सेवाएं
देहरादून। उत्तराखंड के स्वास्थ्य महकमे में जल्द ही बड़े बदलाव और व्यवस्थागत सुधार देखने को मिल सकते हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हालिया फैसलों को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पहले स्वास्थ्य विभाग से जुड़े मामलों में मंत्रालय स्तर पर सक्रियता बढ़ाई गई, फिर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विनय शंकर पांडेय को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई और अब पेशे से डॉक्टर तथा आईएएस अधिकारी सौरभ गहरवार को अपर सचिव स्वास्थ्य बनाया गया है।
सरकारी सूत्रों और प्रशासनिक हलकों में इस फैसले को मुख्यमंत्री की स्पष्ट मंशा के रूप में देखा जा रहा है कि स्वास्थ्य सेवाओं में केवल घोषणाएं और बयानबाजी नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर परिणाम दिखाई देने चाहिए। राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बजट और संसाधनों की उपलब्धता में कोई कमी नहीं छोड़ रही है, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं होने से सरकार अब अधिक जवाबदेही और परिणाम आधारित कार्यप्रणाली पर जोर दे रही है।
जानकारों का मानना है कि स्वास्थ्य विभाग में अभी और बड़े प्रशासनिक बदलावों की गुंजाइश बनी हुई है। मुख्यमंत्री धामी की प्राथमिकता बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, समयबद्ध निर्णय और आम जनता तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।
अपर सचिव बनाए गए सौरभ गहरवार का चयन भी इसी सोच का हिस्सा माना जा रहा है। पेशे से डॉक्टर रहे सौरभ गहरवार प्रशासनिक सेवा में आने के बाद भी अपनी चिकित्सकीय संवेदनशीलता के लिए चर्चा में रहे हैं। टिहरी के जिलाधिकारी रहते हुए उन्होंने कई मौकों पर मरीजों की मदद डॉक्टर के रूप में भी की थी, जिसकी व्यापक सराहना हुई थी।
अब स्वास्थ्य विभाग में उनकी नई भूमिका को लेकर उम्मीद की जा रही है कि चिकित्सा क्षेत्र की व्यावहारिक समझ और प्रशासनिक अनुभव का लाभ राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मिलेगा। आने वाले समय में विभाग में कई महत्वपूर्ण सुधारात्मक कदम देखने को मिल सकते हैं।